Breaking

17 January 2026

मालदा की जनसभा से पश्चिम बंगाल के विकास, सुशासन और परिवर्तन का आह्वान - मोदी


मालदा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बंगाल की धरती पर आकर वे गहरी भावना और प्रेरणा का अनुभव कर रहे हैं। रामायण के पात्रों के रूप में सजे छोटे-छोटे बच्चों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह दृश्य बंगाल की संस्कृति और परंपरा की शक्ति का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मालदा प्राचीन ज्ञान, राजनीति और संस्कृति से समृद्ध एक ऐतिहासिक भूमि है। यह क्षेत्र कभी बंगाल की समृद्धि का एक बड़ा केंद्र था। उन्होंने बंगाल के महान सपूत शिवेंदु शेखर राय को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया और कहा कि आज भी मालदा अपने आम, रेशम, लोकसंगीत और बौद्धिक विरासत के लिए जाना जाता है। मालदा के लोगों का अपार प्रेम और समर्थन उनके लिए एक बड़ी ताकत है।प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक “विकसित भारत” के निर्माण के लिए पूर्वी भारत का विकास अत्यंत आवश्यक है। ओडिशा, त्रिपुरा, असम और बिहार का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वी भारत के लोगों ने भाजपा के सुशासन मॉडल पर भरोसा जताया है। बंगाल के चारों ओर आज सुशासन वाली सरकारें हैं। अब बंगाल में भी सुशासन की बारी है और माँ गंगा के आशीर्वाद से बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी।


प्रधानमंत्री ने जनसमूह के साथ नारे में हिस्सा लेते हुए कहा है 

“परिवर्तन जरूरी, चाहिए भाजपा सरकार।”


उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा के विकास और सुशासन मॉडल पर विश्वास कर रही है। महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, विशेष रूप से मुंबई की बृहन्मुंबई नगर निगम में रिकॉर्ड विजय, और केरल में भाजपा की सफलता यह सिद्ध करती है कि भाजपा पर देशवासियों का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। जहाँ कभी भाजपा की जीत असंभव मानी जाती थी, वहाँ भी आज भाजपा जीत रही है। इससे स्पष्ट है कि जेन-जी भी भाजपा पर भरोसा कर रही है।लोगों का उत्साह देखकर उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बंगाल की जनता भी भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाएगी।


प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल का तेज़ विकास भाजपा-नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। आज बंगाल को लगभग 6 नई ट्रेनें दी गई हैं, जिनमें देश की पहली ‘वंदे भारत स्लीपर ट्रेन’ भी शामिल है। यह मेड इन इंडिया, आधुनिक, तेज़ और आरामदायक है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जिस राज्य से शुरू हो रही है, वह बंगाल है है इस पर उन्होंने बंगालवासियों को विशेष बधाई दी। इस ट्रेन का एक महत्वपूर्ण स्टेशन मालदा है।


उन्होंने यह भी बताया कि वंदे भारत के साथ बंगाल को 4 नई ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ ट्रेनें भी मिली हैं, जो उत्तर बंगाल की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी और किसानों, युवाओं व पर्यटन क्षेत्र को नई गति देंगी।


प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार चाहती है कि बंगाल का हर बेघर परिवार पक्का मकान पाए, हर घर तक नल से जल पहुँचे, वास्तविक लाभार्थियों को मुफ्त राशन मिले और गरीबों को सभी केंद्रीय योजनाओं का पूरा लाभ मिले। लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा है। तृणमूल कांग्रेस सरकार गरीबों के लिए भेजी गई केंद्र की राशि लूट रही है और वास्तविक लाभार्थियों को वंचित कर रही है। वे अपनी जेब भर रहे हैं।


उन्होंने विशेष रूप से ‘आयुष्मान भारत’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में करोड़ों गरीबों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है, लेकिन पश्चिम बंगाल एकमात्र राज्य है जहाँ इस योजना को लागू नहीं होने दिया गया। इस निर्दयी और संवेदनहीन सरकार को विदा करना जरूरी है।


प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘पीएम सूर्यघर’ मुफ्त बिजली योजना से देश के लाखों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। वे चाहते हैं कि पश्चिम बंगाल के परिवार भी इसका लाभ उठाएँ, लेकिन तृणमूल सरकार इस विकास कार्य में भी बाधा डाल रही है। विकास के रास्ते की इन बाधाओं को हटाने के लिए बंगाल में भाजपा सरकार बनाना जरूरी है।


मालदा के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने कहा कि यहाँ उद्योगों का विकास नहीं हुआ है, किसानों को उचित लाभ नहीं मिल रहा, युवाओं को रोजगार की तलाश में बाहर जाना पड़ रहा है। रेशम और आम के किसान संकट में हैं। आम किसानों के लिए प्रोसेसिंग इंडस्ट्री और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर विकसित न होने की जिम्मेदारी तृणमूल सरकार की है। भाजपा सरकार आने पर ‘मैंगो इकॉनमी’ को नई ऊँचाइयों पर ले जाया जाएगा, कोल्ड स्टोरेज और फूड प्रोसेसिंग का मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा और 1 लाख करोड़ रुपये का फंड बनाया जाएगा।


उन्होंने कहा कि गंगा, महानंदा और फुलहार नदियों के कटाव से हर साल लोग तबाह हो जाते हैं, लेकिन तृणमूल सरकार ने कोई स्थायी और प्रभावी तटबंध नहीं बनाए। बाढ़ राहत में भी बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है, जिसका प्रमाण सीएजी रिपोर्ट में है। भाजपा सरकार आने पर तृणमूल के सभी भ्रष्टाचारों का अंत किया जाएगा और स्थायी तटबंध सुरक्षा व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही जूट और जूट किसानों के लिए भी कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।


प्रधानमंत्री ने घुसपैठ को पश्चिम बंगाल के सामने एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार वर्षों से घुसपैठियों को बसाने और उन्हें वोटर बनाने की राजनीति करती रही है। इससे गरीबों के अधिकार छीने जा रहे हैं, युवाओं के रोजगार खत्म हो रहे हैं और सामाजिक संतुलन बिगड़ रहा है। लोकतंत्र, भाषा, संस्कृति और परंपराएँ बदल रही हैं। मालदा और मुर्शिदाबाद में दंगे हो रहे हैं। भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठ और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग धार्मिक उत्पीड़न के कारण शरणार्थी बनकर भारत आए हैं - विशेषकर मतुआ और नमशूद्र समुदाय के लोग, उन्हें डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। सीएए कानून के माध्यम से उन्हें पूर्ण सुरक्षा दी गई है और भाजपा सरकार आने पर उनके नागरिकता अधिकार और विकास कार्यों को और मजबूती दी जाएगी। महिला सुरक्षा पर प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल शासन में महिला पत्रकारों से लेकर स्कूल-कॉलेज की छात्राओं तक कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस स्थिति को बदलना जरूरी है और यह बदलाव एक वोट से आएगा - कमल के फूल पर दिया गया वोट। अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल की गुंडागर्दी और डर की राजनीति का अंत निश्चित है। आज ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने सभी से इस चेतना को जागृत करने और ऋषि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय की प्रेरणा से बंगाल को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages