
लेखक कृष्ण चंदर द्वारा लिखित व्यंग्यात्मक लघु कथा 'जामुन का पेड़' शायद आपको याद हो। यह ऐसे शख्स की कहानी है, जो जामुन के पेड़ के नीचे दब जाता है। उसे बचाने के लिए विभिन्न अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारियां डालते रहते हैं और मामला प्रधानमंत्री कार्यालय तक भी पहुंचता है। अंतत: पेड़ के साथ वह आदमी भी मर जाता है। ताजनगरी के जयपुर हाउस में भी ऐसा ही कुछ हुआ है। यहां जयपुर हाउस में रामलीला पार्क के सामने बरगद का पेड़ काट डाला गया है। यहां आदमी तो नहीं अपितु पेड़ की मौत से दुखी कॉलोनीवासी शोक संदेश बांट रहे हैं। बरगद वृक्ष हत्या का शोक संदेश प्रशासन के अधिकारियों को भी भेजा गया है।
शोक पत्र हो रहा वायरल
जयपुर हाउस स्थित रामलीला पार्क के सामने 26 नवंबर को एक बरगद का पेड़ काट दिया गया। शहर की सबसे पॉश कॉलोनी में पेड़ काटे जाने की घटना से यहां के प्रबुद्धजन दुखी हैं। अब शोकाकुल परिवार व्हाट्सएप पर शोक संदेश वायरल कर रहे हैं। संवदेनहीन तंत्र को जगाने के लिए बाकायदा शोक पत्र प्रकाशित करा वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल शोक संदेश में शोकाकुल परिवार में पार्क के सदस्यगण और जयुपर हाउस के निवासी अंकित किया गया है। कॉलोनीवासियों ने वन विभाग के अधिकारियों से पेड़ काटे जाने के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह है संदेश
'बरगद वृक्ष हत्या' अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे पूजनीय जयपुर हाउस पार्क के सामने स्थित बरगद वृक्ष को मंगलवार 26 नवंबर-2019 को काट दिया गया है। उम्मीद है कि वृक्ष की आत्मा की शांति हेतु हमारे ग्रुप में वन विभाग से संबंधित अधिकारी इसके लिए दोषी स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
विरोध में कारवां
व्हाट्सएप पर शोक संदेश वायरल होते ही विरोध में कारवां बनता जा रहा है। पेड़ काटे जाने की घोर निंदा की जा रही है। लोगों का कहना है कि अपने हितों के लिए पेड़ की हत्या करना गलत है। वन विभाग के अधिकारियों को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया दी है।
एनजीटी है सख्त
ताजनगरी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी सख्त हैं। हरियाली और पेड़ लगाने पर जोर दिया जा रहा है। इसमें लापरवाही बरतने वाले अफसरों को कई दफा फटकार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद भी यहां पेड़ों के कटाने पर रोक नहीं लगी है।
मनीष मित्तल, डीएफओ वन विभाग ने बताया कि जयपुर हाउस में काटे बरगद के पेड़ की जानकारी मिली है। व्हाट्सएप पर वायरल शोक पत्र देखा है। वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। पेड़ काटना अपराध है। जिस व्यक्ति ने इस घटना को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।