Breaking

18 October 2026

*शिव शक्ति धाम डसना में 25 वर्ष बाद दंगल श्रृंखला की भव्य शुरुआत

 


  **दसना शिव शक्ति धाम डसना में एक महत्वपूर्ण दंगल श्रृंखला का शुभारंभ हुआ। यह दंगल श्रृंखला अब हर छमाही नवरात्रों की अष्टमी को नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। आज इस श्रृंखला का प्रथम दंगल संपन्न हुआ।

उल्लेखनीय है कि 25 वर्ष पूर्व इसी मंदिर परिसर में अष्टमी के अवसर पर दंगल का आयोजन होता था। किसी कारणवश पिछले 25 वर्षों से यह परंपरा खंडित हो गई थी। अब श्री कृष्णा योगदान ट्रस्ट, शिव शक्ति धाम डसना ने इसे नया स्वरूप प्रदान कर पुनः आरंभ किया है। इस श्रृंखला की शुरुआत शिव शक्ति धाम डसना के पीठाधीश्वर यति नरसिंह आनंद गिरि जी महाराज का स्वप्न था, जो आज साकार हुआ।

ट्रस्ट द्वारा पूर्व में उत्तर प्रदेश स्टेट एवं नेशनल चैंपियनशिप का सफल आयोजन भी किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त ट्रस्ट के तत्वावधान में प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को ‘धर्म कुमार कुश्ती सीरीज’ भी निरंतर संचालित की जा रही है।

श्री कृष्णा योगदान ट्रस्ट के सचिव छोटे नरसिंह आनंद अनिल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि आज के दंगल में लगभग 55 मुकाबले हुए। इनमें द्वितीय अंतिम कुश्ती 51,000 रुपये के इनाम पर रितिक पहलवान एवं अभय राज के मध्य हुई, जो बराबरी पर समाप्त हुई। अंतिम कुश्ती 2,51,000 रुपये के इनाम पर सदरपुर के प्रशांत पहलवान एवं बामेटा के बादल पहलवान के बीच 20 मिनट तक चली, जो भी बराबरी पर समाप्त हुई।

आज के मुख्य अतिथि दसना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी महेश प्रताप सिंह रहे। इस अवसर पर यति नरसिंह आनंद गिरि जी महाराज ने कहा, “श्री कृष्णा योगदान ट्रस्ट एक दिन देश में कुश्ती का आइकन बने, यह मेरी महादेव से कामना है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ट्रस्ट की टीम इस स्वप्न को साकार करके दिखाएगी।”

इस अवसर पर दंगल के संयोजक मास्टर चतर सिंह, सतन पहलवान, राजू पहलवान, खलीफा ब्रह्म, खलीफा महावीर आदि उपस्थित रहे। दंगल का संचालन ट्रस्ट के सचिव अनिल यादव ने किया।

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages