
अरुणाचल प्रदेश में दुर्घटनाग्रस्त हुए भारतीय वायुसेना के विमान एएन-32 के चालक दल में शामिल रहे फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा और पायलट आशीष तंवर का शुक्रवार को हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी कृष्णपाल गुर्जर, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, उपायुक्त अतुल द्विवेदी और कई अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इससे पहले फ्लाइट लेफ्टिनेंट राजेश थापा और पायलट आशीष तंवर के पार्थिव शरीर दिल्ली हवाई अड्डे से सीधे उनके घर सेक्टर 23 और पलवल जिले के दीघौट गांव में उनके घर पर लाए गए।
वायुसेना का एएन-32 विमान बीते 03 जून को असम के जोरहाट से अरुणाचल प्रदेश के लिए रवाना हुआ था। इसमें सवार कुल 13 लोगों में से राजेश थापा और आशीष तंवर सहित तीन लोग हरियाणा के थे।
लेफ्टिनेंट राजेश थापा के परिवार में पिता हरिराम थापा, माता शिबा थापा, बहन कुमारी सबीना और भाई राम किशन हैं। दस जनवरी 1991 को जन्में थापा भारतीय वायुसेना में 14 दिसंबर 2013 को भर्ती हुए थे।
वहीं 29 वर्षीय पायलट आशीष तंवर की मौत के बाद इकलौते बेटे के लिए मां व परिवार के अन्य लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।