चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर ने नगर निगम पहुंचकर राजेश कालिया को मेयर बनने पर बधाई दी।
चंडीगढ़। बचपन में जिसने कूढ़ा बीना अब वो मेयर बन गया। ये बात चंडीगढ़ की, जहां शनिवार को मेयर पद के लिए हुए चुनाव में राजेश कालिया ने जीत दर्ज की है, जिन्हें 20 में से 16 वोट मिले हैं।
वाल्मीकि समुदाय से ताल्लुक रखने वाले राजेश के पिता सफाईकर्मी के तौर पर सेवानिवृत्त हुए। बचपन से ही राजेश कालिया ने अपने समुदाय और अपने परिवार को जिंदगी के लिए संघर्ष करते देखा। इसी संघर्ष ने उन्हें अपने समुदाय के लिए लड़ने के लिए प्रेरित किया। गरीबी में जीवनयापन करने वाले कालिया बचपन में अपने 6 भाई बहनों के साथ कूड़ा बीनकर रोजाना करीब 20-30 रुपये कमाकर परिवार की आर्थिक मदद करते थे।
मेयर बनने के बाद कालिया ने मी़डिया से बात करते हुए कहा कि वह अपने घर के सामने बने कचरे के पहाड़ को हटाना चाहते हैं। राजेश कालिया के पिता कुंदनलाल के मुताबिक वह हरियाणा के सोनीपत जिला के आहुलाना गांव के निवासी हैं, 1977 में चंडीगढ़ में आकर बसे थे, रहने को घर नहीं था तो कई साल तक एक झोंपड़ी में रहे, वह खुद स्कूल नहीं जा पाए क्योंकि छुआछूत के कारण स्कूल में एडमिशन नहीं मिला था।
न केवल कुंदनलाल को अपने बेटे राजेश पर गर्व है, बल्कि तीनों बेटियों को अपने पिता के मेयर पर गर्व है। तीनों ही बेटियां अपने पिता को आदर्श मानती है। चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 7 के पार्षद कालिया ने वर्ष 2016 में पार्षद का चुनाव जीता था, इससे पहले वह चुनाव हार चुके हैं। स्कूली शिक्षा हासिल करने वाले कालिया का कहना है कि वह अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा हासिल करना चाहते हैं।
लंबे समय से सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए भी लड़ते आए कालिया ने पिछले साल चंडीगढ़ में हुए कूड़ा उठाने वालों के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। राजेश कालिया के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती चंडीगढ़ को भारत के स्वच्छ शहरों की सूची में पहले नंबर लाना है, जो तीसरे पायदान पर है।
भाजपा नेताओं के संपर्क में आकर राजनीति की शुरुआत करने वाले कालिया भाजपा के टिकट पर पार्षद बने, फिर पार्टी ने उन्हें मेयर चुनाव में उम्मीदवार बनाया, जिसमें उन्हें जीत मिली। चुनाव जीतने के बाद कालिया ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो चाय वाले को प्रधानमंत्री और कूड़ा बीनने वाले को मेयर बना सकती है। वहीं चंडीगढ़ से भाजपा सांसद किरण खेर ने नगर निगम पहुंचकर राजेश कालिया को मेयर बनने पर बधाई दी।