गठबंधन का ऐलान होने के बाद पड़ोसी राज्य बिहार में सक्रिय राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बीएसपी प्रमुख मायावती से मुलाकात करके इस गठबंधन को बनाने के लिए शुक्रिया कहा.


लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (BSP)और समाजवादी पार्टी (SP) ने आपस में गठबंधन करके मैदान में उतरने का फैसला लिया है. गठबंधन का ऐलान होने के बाद पड़ोसी राज्य बिहार में सक्रिय राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने बीएसपी प्रमुख मायावती से मुलाकात करके इस गठबंधन को बनाने के लिए शुक्रिया कहा. बीएसपी सुप्रीमो से उनके आवास पर मुलाकात के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि इस गठबंधन के बनने के बाद भारतीय जनता पार्टी का पूरे उत्तर प्रदेश में सफाया हो जाएगा और वे कभी सत्ता में वापस नहीं आ पाएंगे.
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी बाबा साहेब आंबेडकर के बनाए संविधान को खत्म कर नागपुर का कानून लागू करने में जुटी है. जनता मायावती और अखिलेश की दोस्ती का स्वागत कर रही है. बिहार और उत्तर प्रदेश से बीजेपी का सफाया हो जाएगा. उत्तर प्रदेश में बीजेपी एक भी सीट नहीं जीतेगी. सभी सीटों पर सपा-बसपा गठबंधन के प्रत्याशी जीतेंगे.
तेजस्वी यादव ने कहा कि मेरे पिता ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान ही सपा और बसपा को एक साथ मिलकर लड़ने की नसीहत दी थी. उन्हें उम्मीद थी कि अगर उस वक्त ऐसा होता तो तभी उत्तर प्रदेश से बीजेपी का सफाया हो गया होता. हालांकि अभी भी लालू यादव इस सपा-बसपा के गठबंधन से काफी खुश हैं. आरजेडी नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश में अघोषित इमरजेंसी लागू कर रखा है.