
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह आसियान-भारत अनौपचारिक बैठक में भाग लिया. इसके बाद वह 13वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) और क्षेत्रीय वृहद आर्थिक भागीदारी (आरसीईपी) शिखर बैठक में भी हिस्सा लेंगे. रणनीतिक भागीदारों के रूप में भारत और आसियान के बीच नजदीकी व्यापारिक और आर्थिक संबंध हैं. 2017-18 में भारत-आसियान व्यापार 81.33 अरब डॉलर रहा. यह भारत के कुल व्यापार का 10.58 प्रतिशत है. भारत के कुल निर्यात में आसियान देशों का हिस्सा 11.28 प्रतिशत है.
केरल सरकार ने सबरीमाला में भगवान अयप्पा के मंदिर से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है. इस बैठक में सीएम पिनाराई विजयन भी शामिल होंगे. वहीं मुंबई के मालेगांव बम धमाका (2008) मामले की सुनवाई आज मुंबई की विशेष एनआईए अदालत में होगी. कर्नल पुरोहित और सुधाकर द्विवेदी ने पीड़ितों की लिस्ट पर ऑब्जेक्शन उठाया है. इसके साथ ही सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) के कर्मचारी निजीकरण के मुद्दे पर अब केंद्र सरकार से आर-पार की लड़ाई के मूड में है. यूनियन के कर्मचारी आज दिल्ली में स्थित काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च के सेंटर पर जबरदस्त प्रदर्शन करेंगे.