पैतृक गांव पहुंचा मुन्ना बजरंगी का शव।
यूपी के कुख्यात बदमाश मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद प्रमुख सचिव गृह अरविंद सिंह ने बताया कि जेलर, डिप्टी जेलर सहित चार लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। आज मुन्ना बजरंगी का शव जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र के पुरे दयाल गांव में पहुंच चुका है। जिस वक्त मुन्ना बजरंगी का शव उसके गांव पहुंचा मौके पर भारी हुजूम जमा हो गया। शव के साथ मुन्ना बजरंगी की पत्नी भी मौजूद थी।
गौरतलब है कि मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा ने 10 दिन पूर्व उसकी हत्या की आशंका जताई थी। घटना वाले दिन पूर्व बसपा विधायक लोकेश दीक्षित से रंगदारी मांगने के आरोप में बागपत कोर्ट में मुन्ना बजरंगी की पेशी होनी थी। एक दिन पहले ही उसे झांसी जेल से बागपत लाया गया था, जिसके बाद सुबह छह बजे जेल में ही मुन्ना बजरंगी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।