
मेघालय के चेरापूंजी की पहचान कभी देश में सर्वाधिक बारिश को लेकर थी। मगर मायानगरी मुंबई में लगातार हो रही बारिश चेरापूंजी को भी टक्कर दे रही है। मुंबई में दो दिन में 214 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जिसके चलते मुंबईवासी बेहाल हो गए हैं। सोमवार से मंगलवार के बीच 24 घंटे के भीतर चेरापूंजी में 148 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मुंबई का नंबर था, जहां इस दौरान 131 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यही नहीं मंगलवार को छह घंटे के भीतर ही मुंबई में 83 मिलीमीटर बारिश हो गई।
शिमला में टूटा रिकॉर्ड
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी बारिश से बुरे हालात बने हुए हैं। यहां बारिश ने पिछले 13 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शिमला में 2005 के बाद पिछले 24 घंटे में 118 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। इससे पहले 15 अप्रैल, 2005 को 108.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी।
उत्तराखंड में 167 मिलीमीटर बारिश
उत्तराखंड में भी मंगलवार शाम तक 24 घंटे में 167 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। अगले 24 घंटों में राज्य में पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत, उधमसिंहनगर, हरिद्वार, देहरादून और पौड़ी में 200 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अलर्ट जारी किया है और पर्वतीय सड़कों पर यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है।
धारचूला में अस्थायी पुल बहा :
पिथौरागढ़ के धारचूला के सोबला गांव में सीपीडब्ल्यूडी द्वारा बनाया अस्थायी पुल बह गया है। पुल बहने के कारण दारमा घाटी के 14 गांवों के लोग 10 किलोमीटर पैदल चलकर धारचूला तहसील पहुंच रहे हैं। इस बीच मुनस्यारी के दरकोट गांव में बारिश से प्राथमिक स्कूल के नीचे से पहाड़ी खिसक गई है। स्कूल के किसी भी वक्त गिरने की आशंका है। पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी और नाचनी को जोड़ने वाली सड़क पहाड़ी से आए मलबे के कारण नदी में समा गई है।
बिहार के सुपौल में सबसे ज्यादा बारिश
बिहार के पूर्णिया में मंगलवार सुबह तक 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश सुपौल में दर्ज की गई। यहां 52.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि पूर्णिया में 48.2 मिलीमीटर बारिश हुई। भागलपुर में 32 मिलीमीटर, मुजफ्फरपुर में 21.6 और पटना में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।