Breaking

7 July 2018

मुंबई बारिशः घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चिंचोटी वॉटरफॉल पर फंसे 100 लोगों को बचाया गया, एक की मौत

चिंचोटी वॉटरफाल पर फंसे लोग
महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई में स्थित चिंचोटी वॉटरफॉल पर शनिवार को पिकनिक मनाने आए 100 से ज्यादा लोग पानी बढ़ने के कारण बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। हालांकि बाद में एनडीआरएफ की टीम ने घंटों चले रेस्क्यू अॉपरेशन के बाद अन्य लोगों को बचा लिया।
एक अधिकारी ने बताया कि सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते इलाके में काफी पानी भर गया था जिससे सैलानी वहां फंस गए। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन आखिरकार 100 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ की 5 बटालियन लगी थी, जो कि मुंबई के अंधेरी में तैनात है। उन्होंने बताया कि इस रेस्क्यू ऑपेरशन के लिए ट्रैफिक पुलिस ने बटालियन को ‘ग्रीन कॉरिडोर’ उपलब्ध कराया था ताकि वसई में स्थित इस इलाके में राहत जल्द से जल्द पहुंचाई जा सके।
एनडीआरएफ की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया होता तो हादसा काफी बड़ा हो सकता था। गौरतलब है कि चिंचोटी का झरना मॉनसून में सैलानियों के आकर्षण का केंद्र होता है। यह झरना तुंगरेश्वर के जंगलों में स्थित हैं, जो मुंबई से 70 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। 
मुंबईवासियों के लिए अगले चार दिन रहेंगे भारी, आफत लाएगी बारिश
मुबंई समेत पूरे महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश मुंबईवासियों के लिए एक मुसीबत बन गई है। शनिवार को हुई तेज बारिश शहरवासियों के लिए आफत लेकर आई है। लेकिन उससे भी ज्यादा चिंता की बात ये है कि मुंबईवासियों के लिए ये आफत अभी कम नहीं होने वाली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार तक बारिश मुंबई में कहर बरसाने वाली है। 
विभाग के अधिकारी के मुताबिक उत्तर पश्चिम बंगाल और बंगाल की खाड़ी के आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते दबाव के कारण मौजूदा मॉनसून और ज्यादा स्क्रीय हो गया है इसी वजह से मुंबई और उसके पास उत्तर कोंकण में बुधवार तक लगातार भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले चार दिन मुबंई के लिए बहुत भारी होने वाले हैं इसके अलावा गुजरात और केरला में भी तेज बारिश होगी।

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages