राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बेंगलुरु पहुंचे प्रदीप मुणोत, वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ युवाओं और महिला सशक्तीकरण पर जोर
बेंगलुरु। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्नाटक मुणोत परिवार एवं मुणोत महासभा के संयुक्त तत्वावधान में राजाजीनगर स्थित एक सभागार में मुणोत समाज का सम्मेलन आयोजित किया गया। मुणोत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदीप मुणोत का यह पहला बेंगलुरु आगमन रहा। सम्मेलन का उद्देश्य महासभा और स्थानीय वाइपा को साथ लेकर समाज के सामाजिक उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लेना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कर्नाटक मुणोत परिवार की ओर से सामूहिक नवकार मंत्र का जाप किया गया तथा कुलदेवी नागणची माता की वंदना की गई। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद सम्मेलन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का संचालन लखपत राज मुणोत ने किया।
70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान
सम्मेलन में 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों का विशेष सम्मान किया गया। सुमेर सिंह मुणोत, सुरेश मुणोत, भगवती लाल मुणोत एवं उनकी पत्नी कमला बाई मुणोत, विमल चंद मुणोत, झमकू बाई मुणोत तथा श्रीमती मैना बाई मुणोत को साफा पहनाकर, माला एवं दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान वरिष्ठजनों के अनुभव और समाज के प्रति उनके योगदान को अमूल्य बताते हुए सम्मान व्यक्त किया गया।
युवाओं और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर
मुणोत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप मुणोत ने समाज के महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखते हुए बच्चों के विवाह समय पर करने, समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को आगे लाने, युवाओं को अवसर देने तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि समाज का विकास तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने महासभा और स्थानीय वाइपा से कंधे से कंधा मिलाकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
महिला सशक्तीकरण को लेकर प्रगति मुणोत की अपील
महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती प्रगति मुणोत ने महिलाओं से समाज के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ समाज को सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने नारी सशक्तीकरण के साथ नई पीढ़ी को संस्कारों और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने पर जोर दिया।
समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने का संदेश
स्वतंत्र पत्रकार एवं सामाजिक वक्ता राकेश मिश्रा ने कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ सकता है, जब उसका प्रत्येक व्यक्ति एक संकल्प के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और बुजुर्गों के अनुभव को साथ लेकर समाज को मुख्यधारा में आगे बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती सामूहिक सहभागिता से संभव है और सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
परिचर्चा में लिए गए सामाजिक उत्थान के संकल्प
सम्मेलन में सामाजिक एकता, वरिष्ठजनों का सम्मान, युवाओं को अवसर, महिला सशक्तीकरण, उद्यमिता तथा संस्कारों के संरक्षण जैसे विषयों पर परिचर्चा हुई। चर्चा के दौरान समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर बेंगलुरु वाइपा के अध्यक्ष जगत पाल मुणोत, स्थानीय महिला मंडल की अध्यक्ष प्रेमलता मुणोत, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जितेंद्र मुणोत, भीखम चंद मुणोत, मदन मुणोत, महीपाल मुणोत, विमला मुणोत, मधु मुणोत, राजकुमार मुणोत, प्रकाश मुणोत और सोहन लाल मुणोत सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मेलन के माध्यम से वरिष्ठजनों के अनुभव, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।


