प्रयागराज - (बी. के. द्विवेदी) उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण के लिए रविवार सुबह 9 बजे तक 8.15 फ़ीसदी मतदान हुए। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। कानपुर में वोटिंग के दौरान मेयर प्रमिला पांडे द्वारा फोटो लेने और वीडियो बनाने पर विवाद हुआ। बुंदेलखंड से अवध क्षेत्र तक के 16 ज़िलों के 59 विधानसभा क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं। शाम छह बजे तक वोटिंग जारी रहेगी।
तीसरे चरण में सबसे उत्सुकता से देखा जाने वाला मुक़ाबला मैनपुरी में करहल है, जहाँ सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उम्मीदवार हैं। वह अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। करहल की सीट पर साढ़े तीन लाख मतदाता हैं। इनमें से सवा लाख यादव वोटर हैं, शाक्य 35 हजार, राजपूत 30 हजार, ब्राह्मण 16 हजार और 22 हजार मतदाता दलित हैं। तीसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पाँच ज़िले- फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, हाथरस, अवध क्षेत्र के छह जिले- कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, इटावा, फर्रुखाबाद और बुंदेलखंड क्षेत्र के पांच जिले- झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा हैं। इस चरण में भी बीजेपी और सपा के बीच सीधा मुकाबला बताया जा रहा है। अखिलेश यादव के सामने बीजेपी के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल हैं। योगी सरकार के मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री मैनपुरी की भोगांव विधानसभा सीट से, सतीश महाना महाराजपुर से, रामवीर उपाध्याय सादाबाद से, पूर्व आईपीएस अफ़सर असीम अरुण कन्नौज और शिवपाल यादव जसवंतनगर से चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के बड़े नेता सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद फर्रुखाबाद सदर सीट से, योगी सरकार में राज्य मंत्री नीलिमा कटियार कल्याणपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं।
यादव बेल्ट
तीसरे चरण में आठ ज़िले – मैनपुरी, इटावा, फिरोजाबाद, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरैया कम से कम 2017 तक मुलायम सिंह यादव के परिवार के गढ़ थे। इन सीटों पर यादवों की काफी आबादी है।