
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में 32 वर्षीय एक महिला ने करीब एक महीने पहले अपने पति की हत्या कर उसके शव को घर में ही दफना दिया और दफन की गई जगह के ऊपर पत्थर एवं मिट्टी से चूल्हा बनाकर वहां पर अपने लिए खाना पकाती रही। यह सनसनीखेज घटना अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र के ग्राम करौदा टोला में हुई।
कोतमा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी के. एन. प्रसाद ने बताया कि प्रतिमा बनावल ने 22 अक्तूबर को अपने पति मोहित बनाबल की हत्या कर दी और बाद में उसके शव को अपनी ही झोपड़ी के भीतर दफना दिया। उन्होंने कहा कि इसके बाद उसने दफन की गई जगह के ऊपर पत्थर एवं मिट्टी से चूल्हा बनाया और वहां पर तब से अपने लिए खाना पकाती रही, ताकि उस जगह पर किसी का ध्यान न जाए और सबूतों को मिटाया जा सके।
प्रसाद ने बताया कि इसके अलावा उसने स्वयं ही मोहित बनावल के लापता होने की शिकायत अमरकंटक थाने में दर्ज कराई थी, ताकि लोगों को गुमराह कर सके और उस पर किसी का शक न हो। उन्होंने कहा कि पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दफनाए गए शव को भी बरामद कर लिया है। प्रसाद ने बताया कि हत्या के कारणों को अब तक पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में महिला से पूछताछ की जा रही है।