
ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म वॉर ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिखाया है. इस फिल्म ने तीन हफ्तों में 300 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. इसी के साथ ये साल 2019 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म बन गई है. 2 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया है और इसे लगातार फैंस का प्यार मिल रहा है.
ऋतिक और टाइगर की ये फिल्म रिलीज के पहले दिन से अभी तक दुनियाभर के रिकॉर्ड्स बना चुकी है. हाल ही में फिल्म ने कमाई मामले में शाहिद कपूर की कबीर सिंह को पछाड़ा था. ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर बताया कि फिल्म वॉर ने 300 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है.
वॉर ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
रिकॉर्ड्स की बात करें तो इस फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर 53.35 करोड़ का बिजनेस किया था. इसी के साथ इसने आमिर खान की फिल्म ठग्स ऑफ हिन्दोस्तान का सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया था. इसके बाद इस फिल्म ने सिर्फ तीन दिनों में 100 करोड़ की कमाई कर एक नया रिकॉर्ड बनाया. फिल्म वॉर ने मात्र 7 दिनों में 200 करोड़ की कमाई कर सलमान खान भारत और शाहिद कपूर की कबीर सिंह के रिकॉर्ड को तोड़ा था.