गाज़ियाबाद के निवाड़ी इलाके की रहने वाली नवविहिता युवती के साथ ऐसी हैवानियत की गई है। लड़की की शादी 8 जुलाई को बागपत में की गई थी। 9 जुलाई को परिवार जब लड़की से मिलने ससुराल गया ,तो वो बेहोश मिली। लड़की को साहिबाबाद के एक निजी अस्पताल लाया गया। ट्रीटमेंट के दौरान पता चला है कि लड़की के प्राइवेट पार्ट में सरिया जैसी कोई नुकीली चीज घुसाई गई है। लड़की की हालत नाजुक है। शक लड़के और ससुराल वालों पर ही है।
8 जुलाई को हुई थी शादी
परिवार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 8 जुलाई को बड़े ही धूमधाम से की गई थी। शादी के ठीक 1 दिन बाद 9 जुलाई को ससुराल में रिसेप्शन था। आरोप है कि जैसे ही लड़की का परिवार बागपत में रिसेप्शन में शामिल होने गया, ससुराल में लड़की बेहोश हालत में मिली। उसके निजी अंगों से खून बहा हुआ था। ससुराल वाले मौके पर नहीं थे। इसके बाद लड़की को अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय अस्पताल ने प्राथमिक उपचार देने के बाद लड़की को रेफर कर दिया। लड़की का परिवार उसे साहिबाबाद के नरेंद्र मोहन अस्पताल ले आया। 2 दिन तक इलाज होने के बाद डॉक्टरों ने परिवार के सामने जब पूरी बात बताई, उसमें एक बात बेहद हैरान करने वाली थी।
अभी तक होश में नहीं आई है पीड़िता
बताया जा रहा है कि लड़की के साथ मारपीट हुई, और उसके बाद उसके प्राइवेट पार्ट्स पर रॉड से हमला किया गया। जिसके बाद उसकी हालत नाजुक हो गई है। लड़की को अब तक होश नहीं आया है। बागपत पुलिस को सूचना दी गई, और उसके बाद साहिबाबाद पुलिस को भी सूचना दी गई। साहिबाबाद में सीओ राकेश मिश्रा का कहना है कि मामला बागपत का है। और बागपत पुलिस मामले में जांच कर रही है। इसलिए गाजियाबाद पुलिस इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकती है।