Breaking

5 March 2018

सृष्टि महिला समिति ने किया मसाला केंद्र का शुभारंभ


संजय कुमार भारती
सिंगरौल/निगाही
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के निगाही क्षेत्र की सृष्टि महिला समिति के सौजन्य से रविवार को ’अन्नपूर्णा मसाला केंद्र’ का शुभारंभ हुआ। निगाही क्षेत्र आवासीय परिसर स्थित न्यू शॉपिंग कांप्लेक्स में सृष्टि महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती संगीता गोस्वामी ने बतौर मुख्य अतिथि नए मसाला केंद्र का उद्घाटन किया।
मसाला केंद्र में हाथ से मसाला पीसने की दो चक्कियां लगाई गई हैं। मसाला केंद्र के संचालन हेतु सृष्टि महिला समिति ने एक पुरूष कर्मी और दो महिला कर्मियों को नियुक्त किया है। मसाला केंद्र के संचालन से निगाही क्षेत्र एवं उसके आस-पास के निवासियों को हल्दी, धनिया, गरम मसाले, सत्तू, बेसन, जीरा, कालीमिर्च जैसे घरेलू उपयोग वाले ताजे एवं स्वास्थ्यवर्द्धक मसाले बाजार मूल्य से कम दाम पर उपलब्ध होंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सृष्टि महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती संगीता गोस्वामी ने कहा कि ’अन्नपूर्णा मसाला केंद्र’ पर जहां एक ओर शुद्ध एवं सस्ते मसाले उपलब्ध होंगे, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद लोगों को रोजगार मिला है। साथ ही, उन्होंने मसाला केंद्र के संचालन में सृष्टि महिला समिति की ओर से हरसंभव योगदान का आश्वासन भी दिया।अन्नपूर्णा मसाला केंद्र’ के उद्घाटन कार्यक्रम में सृष्टि महिला समिति की श्रीमती शशि दुहन, श्रीमती प्रभानी सरकार, श्रीमती माधवी मिश्रा, श्रीमती रीना झा, श्रीमती रंजू राय, श्रीमती रक्सी मैथ्यू एवं श्रीमती उमा सिंह उपस्थित थीं।
गौरतलब है कि सृष्टि महिला समिति निगाही क्षेत्र के आस-पास के जरूरतमंद लोगों के कल्याण हेतु समय-समय पर कल्याणकारी कार्य करती है। साथ ही, समिति निगाही क्षेत्र द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों के कौशल विकास हेतु चलाए जाने वाले विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन में भी निरंतर योगदान देती है।

Post Top Ad

Your Ad Spot

Pages