
बरौनी से चलकर दिल्ली जाने वाली 05535 होली स्पेशल ट्रेन रविवार को लखनऊ जंक्शन से रास्ता भटक गई। रेलवे कंट्रोल ने ट्रेन कानपुर के रास्ते रवाना करने के बजाय मुराबादबाद रूट पर दौड़ा दिया। करीब दो किलोमीटर ट्रेन पास हो गई तो रेलवे अफसरों को जानकारी हुई। आनन-फानन में ट्रेन को बैक कर कानपुर के रूट पर रवाना किया गया। इस चक्कर में यह ट्रेन दोपहर ढाई बजे के बजाय शाम 6 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंची। रेलवे ने इस चूक की जांच के आदेश दिए हैं।
बरौनी से लखनऊ होते हुए कानपुर के रास्ते 05535 होली स्पेशल ट्रेन को आनंदविहार (दिल्ली) जाना था। दोपहर करीब ढाई बजे यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन पहुंची। 10 मिनट बाद ट्रेन रवाना कर दी गई। ट्रेन लखनऊ से कानपुर की ओर आने वाले ट्रैक के बजाय मुरादाबाद जाने वाले ट्रैक पर दौड़ा दी गई। मुरादाबाद ट्रैक पर गाड़ी करीब दो किलोमीटर पास हो गई तो कंट्रोल रूम में बैठे अफसरों को जानकारी हुई। तुरंत ट्रेन को रोकने के आदेश हुए। कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारियों ने वाकी टॉकी से स्पेशल ट्रेन के गार्ड और चालक से बात की। उन्हें बताया गया कि ट्रेन को फिलहाल रोक दें। सिग्नल भी रेड कर दिए गए।